ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देकर ग्रामीणों को रोजगार देने के लिए सरकार ने बड़ी प्लानिंग की है। केंद्र सरकार ने इसकी जानकारी लोकसभा में दी है। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक सवाल के जवाब में बताया कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार हर तरह से कोशिशें कर रही है।
गजेंद्र ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय नियमित रूप से अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्रचार के माध्यम से विभिन्न पर्यटन स्थलों और ग्रामीण पर्यटन के उत्पादों को बढ़ावा देता है। देश में ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाओं को पहचान करने के लिए मंत्रालय ने एक राष्ट्रीय रणनीति और रोडमैप भी बनाया है। होमस्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है।
ग्रामीण पर्यटन गांवों में प्रचलित सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों की पहचान करने के लिए, मंत्रालय ने 2023 में सर्वश्रेष्ठ ग्रामीण पर्यटन गांव प्रतियोगिता का आयोजन किया है। ओडिशा के विरासत शिल्प गांव रघुराजपुर को रजत श्रेणी में 2023 के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में मान्यता दी गई है। इसके अलावा, पर्यटन मंत्रालय ने अपनी स्वदेश दर्शन योजना के तहत ग्रामीण सर्किट को विषयगत सर्किटों में से एक के रूप में पहचाना है।
ग्रामीण पर्यटन स्थलों सहित पर्यटन स्थलों में पर्यटन संबंधी इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न राज्य सरकारों/ केंद्रशासित प्रदेशों को केंद्रीय वित्तीय सहायता (सीएफए) प्रदान की गई है।